बदमाशों ने ड्राइवर से मारपीट कर नगदी, मोबाइल और मैजिक वाहन लूटा -आरोपियों के खिलाफ मारपीट कर लूटपाट का केस दर्ज

बदमाशों ने ड्राइवर से मारपीट कर नगदी, मोबाइल और मैजिक वाहन लूटा
-आरोपियों के खिलाफ मारपीट कर लूटपाट का केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
गुनगा इलाके में कल शाम दो बदमाशों ने एक ड्राइवर के साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने उससे लोडिंग ऑटो, नकदी और मोबाइल लूटा और फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने उससे मशीन उठाने के लिए लोडिंग वाहन किराय पर लिया था। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ माारपीट कर लूटपाट का केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
थाना प्रभारी कृष्णा ठाकुर ने बताया कि करारिया जिला विदिशा निवासी अभिषेक जाटव पुत्र प्रभूलाल(22) बैरसिया में किराय पर खुद का लोडिंग मैजिक चलाता है। कल शाम उसके पास दो अज्ञात लोग आए और उन्होंने गुनगा के पीपलखेड़ा से एक मशीन उठाकर लाने के लिए उससे भाड़ा तय किया। इसके बाद एक आरोपी उसके लोडिंग वाहन में बैठ गया, जबकि दूसरा साथी बाइक से साथ-साथ पीपलखेड़ा की ओर जा रहा था। शाम करीब सात बजे जब वह ग्राम माहोली के पास कच्चे रास्ते पर पहुंचे तो लोडिंग वाहन आगे नहीं बढ़ा। इसी बीच दोनों आरोपियों ने अभिषेक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर नगदी 15600 रूपए नगदी, मोबाइल और उसका लोडिंग वाहन लूट लिया। लूटपाट की वारदात के बाद फरियादी थाने पहुंचा और शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी विक्रम बंजारा और एक अन्य के खिलाफ मारपीट और लूटपाट का केस दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर विक्रम बंजारा और उसके साथी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का माल भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शाम तक पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। लूटे गए माल की कीमत करीब नौ लाख रुपए होना बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






