पर्यावरण दिवस पर नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरा

पर्यावरण दिवस पर नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरा
सिंघार ने एक्स पर लिखा- दो साल में घट गया 371 वर्ग किमी वन क्षेत्र, सिर्फ सरकारी कागजों में उगे पौधे
भोपाल यशभारत। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी शासन में पिछले दस सालों में हुए पौधरोपण पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के नाम पर आयोजन करती है। लेकिन स्थिति यह है कि भारत की राज्य वन रिपोर्ट 2023 के अनुसार सिर्फ दो वर्षों में मध्य प्रदेश से 371 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र कम हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छह करोड़ पौधे लगाने का दावा किया और विश्व रिकार्ड की बात कही। लेकिन ये पौधे सिर्फ सरकारी कागजों में ही उग पाए हैं। पर्यावरण दिवस पर सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर कहा कि आज प्रदेश सरकार विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पर्यावरण संरक्षण के नाम पर बड़े-बड़े कार्यक्रम कर रही है। इस पर वे प्रदेश की जनता को भाजपा सरकार के पिछले 10 साल में पर्यावरण संरक्षण की कुछ उपलब्धियां बता रहे हैं। सिंघार ने लिखा कि वर्ष 2016-17 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 6 करोड़ पेड़ लगाने का दावा किया। जिसे एक विश्व रिकॉर्ड के तौर पर प्रचारित किया गया। लेकिन अफसोस यह पेड़ सिर्फ सरकारी कागजों में ही उग पाए।







