तेज गर्मी का असर, जेपी अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ी लूज मोशन, उल्टी-बुखार और डिहाइड्रेशन के मामलों में उछाल, ओपीडी में 35% तक वृद्धि

तेज गर्मी का असर, जेपी अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ी
लूज मोशन, उल्टी-बुखार और डिहाइड्रेशन के मामलों में उछाल, ओपीडी में 35% तक वृद्धि
भोपाल यश भारत। राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी का सीधा असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। जेपी अस्पताल भोपाल में इन दिनों मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अस्पताल की ओपीडी में करीब 35 प्रतिशत तक मरीज बढ़ गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार, तेज गर्मी के कारण लूज मोशन, उल्टी, बुखार, पेट दर्द, हाथ-पैरों में दर्द और चक्कर आने जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इन बीमारियों का असर सभी उम्र वर्गों में देखने को मिल रहा है, जिसमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के चलते डिहाइड्रेशन और पेट संबंधी संक्रमण तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ गया है। अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में ऐसे मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
डॉक्टरों ने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पानी पीएं, बाहर का खाना खाने से बचें और धूप में निकलते समय जरूरी एहतियात बरतें। स्वास्थ्य विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।







