
भारत में 19 फरवरी को पहला रोजा देशभर में आज शाम दिखेगा चांद
मुंबई, यश भारत । भारत में पवित्र महीने रमजान की शुरुआत होने जा रहा है। सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों में 17 फरवरी को चांद दिखने के बाद वहां आज, 18 फरवरी को पहला रोजा रखा गया है। भारत की परंपरा और भौगोलिक स्थिति के अनुसार, यहाँ चांद सऊदी अरब के एक दिन बाद नजर आता है। इसी क्रम में आज, 18 फरवरी (बुधवार) की शाम भारत में रमजान का चांद देखा जाएगा।
यदि आज शाम चांद का नजर आ जाता है, तो देश भर की मस्जिदों में आज रात से ही ‘तरावीह’ की विशेष नमाज शुरू हो जाएगी और कल, 19 फरवरी (गुरुवार) को साल 2026 का पहला रोजा रखा जाएगा। हालांकि, अगर किन्हीं कारणों से आज चांद नजर नहीं आता है, तो शाबान का महीना 30 दिन का पूरा होगा और पहला रोजा 20 फरवरी (शुक्रवार) को होगा।
फिलहाल, मुस्लिम समुदाय में इसे लेकर खासा उत्साह है और बाजारों में सहरी व इफ्तार की खरीदारी के लिए भारी रौनक देखी जा रही है। स्थानीय हिलाल कमेटियां आज सूर्यास्त के बाद आधिकारिक रूप से चांद की पुष्टि और रमजान की शुरुआत का ऐलान करेंगी।







