देश

ड्रग्स माफिया और गुंडों की अब खैर नहीं, कमिश्नर ने दिए फील्ड पर उतरने के आदेश

ड्रग्स माफिया और गुंडों की अब खैर नहीं, कमिश्नर ने दिए फील्ड पर उतरने के आदेश

क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस मिलकर बिछाएंगे जाल; ड्रग्स बेचने वालों पर होगी सबसे सख्त कार्रवाई

भोपाल, यश भारत। राजधानी में अपराधियों और नशे के सौदागरों के खिलाफ अब पुलिस डबल अटैक करने की तैयारी में है। पुलिस आयुक्त  संजय कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि क्राइम ब्रांच अब बंद कमरों से नहीं, बल्कि थाना पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सीधे मैदान में काम करेगी। शुक्रवार को कमिश्नर कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े तेवर दिखाए।

ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

​बैठक में सबसे ज्यादा जोर नशे के कारोबार को खत्म करने पर रहा। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि क्षेत्र के उन अपराधियों की लिस्ट तैयार की जाए जो अवैध हथियार और ड्रग्स के धंधे में लिप्त हैं। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि शहर में कहीं भी अवैध गतिविधियां संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई होगी।

जनता बनेगी पुलिस की आंख और कान

​कमिश्नर ने अधिकारियों को कम्युनिटी पुलिसिंग का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि पुलिस को जनता के बीच अपनी पैठ बढ़ानी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि साइबर अपराध और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर आम लोगों से चर्चा करें। हेलमेट और सीट बेल्ट के लिए लोगों को टोकें और जागरूक करें। लोगों का भरोसा जीतकर सूचना तंत्र (इन्फॉर्मर नेटवर्क) को फिर से सक्रिय करें।

टीम वर्क से टूटेगी अपराधियों की कमर

​अक्सर देखा जाता है कि तालमेल की कमी से अपराधी बच निकलते हैं, इसीलिए  संजय कुमार ने क्राइम और साइबर ब्रांच को टीम भावना से काम करने की हिदायत दी है। अब थाना क्षेत्र के सक्रिय बदमाशों की निगरानी के लिए क्राइम ब्रांच की टीमें भी विशेष रूप से तैनात रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button