भोपालमध्य प्रदेश

एक्सटॉर्शन के जाल में फंसा एक्सपोज करने वाला बर्खास्त कर्मचारी, पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा

एक्सटॉर्शन के जाल में फंसा एक्सपोज करने वाला बर्खास्त कर्मचारी, पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा

3 लाख की वसूली, एमडी ड्रग और अवैध कट्टा बरामद; असलम चमड़ा गैंग को एक्सपोज करने के नाम पर कर रहा था ब्लैकमेल

भोपाल, यश भारत। सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर खुद को गिरोहों का काल बताने वाले रेलवे के बर्खास्त कर्मचारी राजेश तिवारी का असली चेहरा सामने आया है। निशातपुरा पुलिस ने शनिवार को राजेश तिवारी को ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 2 ग्राम एमडी ड्रग और अवैध फायर आर्म्स (कट्टा) भी बरामद किया है।
तीन लाख की मांग, रंगे हाथ गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, जहांगीराबाद निवासी शाहजेब खान उर्फ जिब्बी (जो असलम चमड़ा का करीबी बताया जाता है) ने 26 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शाहजेब ने बताया कि राजेश तिवारी पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर उसे और उसके साथियों को भू-माफिया और गोमांस तस्कर बताकर बदनाम कर रहा था। राजेश ने इन वीडियो को हटाने और आगे बदनाम न करने के एवज में 3 लाख रुपये की मांग की थी।
शनिवार दोपहर, पुलिस की योजना के अनुसार शाहजेब ने राजेश को पैसे देने के लिए निशातपुरा इलाके में बुलाया। जैसे ही राजेश ने वसूली की रकम हाथ में ली, सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
सोशल मीडिया पर खुद को बताता था विजिलेंट
राजेश तिवारी अक्सर फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर वीडियो अपलोड कर ‘मछली गैंग’ और असलम चमड़ा की गोमांस तस्करी गिरोह को एक्सपोज करने का दावा करता था। हालांकि, पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि इन वीडियो का मकसद समाज सुधार नहीं, बल्कि संबंधित अपराधियों और उनके करीबियों से मोटी रकम वसूलना था।
नशे और हथियार का कनेक्शन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राजेश की तलाशी लेने पर उसके पास से 2 ग्राम एमडी ड्रग और एक अवैध हथियार मिला है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वह खुद नशे का आदी है या ड्रग तस्करी के किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया है। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल बरामदगी और धाराओं की विस्तृत पुष्टि करने से बच रहे हैं, लेकिन राजेश की डीलिंग के वीडियो पुलिस के पास पुख्ता सबूत के तौर पर मौजूद हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button