कलेक्टर ने जेपी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, बोले-लापरवाही मिली तो खैर नहीं

कलेक्टर ने जेपी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, बोले-लापरवाही मिली तो खैर नहीं
स्वच्छता पर अल्टीमेटम: सफाई व्यवस्था में चूक मिली तो ठेकेदार पर होगी कठोर कार्रवाई
भोपाल, यशभारत। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को शहर के प्रमुख जयप्रकाश (जेपी) जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का सख्त तेवर देखने को मिला; उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं में किसी भी स्तर पर कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सफाई व्यवस्था पर ठेकेदार को चेतावनी
अस्पताल परिसर में स्वच्छता को लेकर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि यदि सफाई में कहीं भी गंदगी या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
स्टाफ की उपस्थिति पर नजर
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि ओपीडी समय के दौरान सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से आकस्मिक निरीक्षण करने के आदेश भी दिए।
इनका कहना है…
शासन की मंशा स्पष्ट है कि जिला अस्पतालों में आने वाले आमजन को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिले। स्वास्थ्य सेवाओं को जनता के भरोसे के अनुरूप बनाने के लिए प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा।
कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर






