
ठाणे जिले को इसी साल एक और मेट्रो की सौगात,दिसंबर में मेट्रो-5 शुरू, जल्द दौड़ेगी मेट्रो-9
ठाणे, यश भारत ठाणे जिले के नागरिकों के लिए राहत और खुशखबरी है। इसी वर्ष जिले को एक और मेट्रो सेवा मिलने जा रही है। मेट्रो-5 कॉरिडोर के अंतर्गत कापुरबावड़ी से धामणकर नाका तक का महत्वपूर्ण खंड दिसंबर महीने में यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा।
इसके साथ ही मुंबई महानगर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत करने की दिशा में मेट्रो-9 भी जल्द सेवाओं में शामिल होने जा रही है। आने वाले कुछ ही दिनों में मेट्रो-9 मार्ग के तहत दहिसर से मीरा-भाईंदर के बीच दहिसर से काशीगांव तक का पहला चरण यात्रियों के लिए खोला जाएगा।
इन दोनों मेट्रो मार्गों के शुरू होने से ठाणे, भिवंडी, कल्याण-डोंबिवली और मीरा-भाईंदर क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। सड़क यातायात का दबाव कम होगा, यात्रा का समय घटेगा और नागरिकों को तेज, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
मेट्रो सेवाओं से न केवल दैनिक आवागमन सुगम होगा, बल्कि औद्योगिक, व्यावसायिक और शहरी विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।







