
बंगाल के मुर्शिदाबाद में फिर भड़का तनाव, प्रवासी मजदूरों पर हमलों के विरोध में सड़क रेल जाम
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में एक प्रवासी मजदूर की मौत और दूसरे पर हमले के आरोपों के बाद शनिवार को एक बार फिर तनाव फैल गया। गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-12 और रेल मार्ग जाम कर दिया तथा तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। यह विरोध ऐसे समय हुआ, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में सरकारी कार्यक्रमों और जनसभा में शामिल हो रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बेलडांगा के बरुआ मोड़ पर सैकड़ों लोग जमा होकर एनएच-12 पर बैठ गए, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे गेट को नुकसान पहुंचाया और ट्रेन सेवाएं बाधित करने की कोशिश की। इस बीच बिहार में एक अन्य प्रवासी मजदूर अनीसुर शेख पर हमले की खबर से लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
प्रशासन ने स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। जिलाधिकारी नितिन सिंघानिया ने बताया कि प्रवासी मजदूरों की स्थिति पर नजर रखने के लिए विशेष कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। स्थानीय विधायक हुमायूं कबीर ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
इस घटना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा शासित राज्यों में बंगाली प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया है, जबकि विपक्ष ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाया। गौरतलब है कि शुक्रवार को भी प्रवासी मजदूर अलाउद्दीन शेख की मौत के बाद हिंसा भड़की थी, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।







