संसद के पास आत्महत्या की कोशिश, एक शख्स ने खुद को लगाई आग; हालत गंभीर

संसद के पास एक शख्स ने खुद को लगा कर आत्मदाह करने की कोशिश की है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि एक शख्स ने बुधवार को संसद के पास खुद को आग के हवाले कर दिया। आत्मदाह करने की कोशिश में यह शख्स गंभीर रूप से झुलस गया और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घटनास्थल से पेट्रोल बरामद किया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। शख्स की हालत नाजुक बताई जाती है।
दिल्ली पुलिस ने बताया शख्स यूपी के बागपत का रहने वाला है। उसका नाम जितेंद्र है। उसने रेल भवन के गोल चक्कर में खुद को आग लगा ली। स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस ने कुछ सिविल लोगों के साथ मिलकर आग बुझाई। जितेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया है। ऐसा लग रहा है कि यह मामला बागपत में आपसी रंजिश का है, जिसके चलते शख्स ने खुद को आग लगाई है।
डीसीपी देवेश कुमार महला ने कहा- यूपी के बागपत निवासी जितेंद्र नाम के एक शख्स ने रेल भवन चौराहे पर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस कांस्टेबलों ने कुछ नागरिकों के साथ मिलकर तुरंत आग बुझाई। जांच में पता चला है कि वह उत्तर प्रदेश के बागपत में अपने खिलाफ दर्ज किसी मामले के कारण परेशान था। अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसे अस्पताल भेज दिया गया है। आगे की जांच जारी है।
यह घटना ऐसे वक्त सामने आई है जब क्रिसमस और नए साल को लेकर दिल्ली में सुरक्षा बेहद कड़ी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस की टीमें लगातार गस्त कर रही हैं। वाहनों की सघन तलाशी भी चल रही है। पुलिस का कहना है कि वह मामले की तफ्तीश कर रही है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, जितेंद्र 90 फीसदी तक जला बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके से सामने आए फुटेज में शख्स के जूते और बैग आदि सामान तक आग से जले नजर आ रहे हैं। बुरी तरह जले जितेंद्र का इलाज चल रहा है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि ऐसे में जब क्रिसमस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी है। आरोपी जितेंद्र पेट्रोल लेकर रेल भवन के गोल चक्कर तक कैसे पहुंच गया।