पीएम आवास योजना में ग्रामीणों से सौतेला व्यवहार
नरसिंहपुर के लोगों ने कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपा ज्ञापन ,आवास योजना की राशि बढ़ाने की मांग

भोपाल।प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण और शहरी हितग्राहियों को मिलने वाली राशि में अंतर को लेकर नरसिंहपुर के लोगों ने भोपाल पहुंचकर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की।दरअसल ये लोग केन्द्र सरकार से मांग कर रहे है कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के घरों की राशि 1 लाख 20 हजार रुपए से बढ़ाकर 2 लाख 50 हजार रुपए की जाए।
हितग्राहियों के सवाल
2014 में प्रधानमंत्री आवास योजना की शुरुआत नए स्वरूप में की गई थी. जिसमें वर्ष 2025 तक हर गरीब को पक्का मकान उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है. इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण इलाके में मकान बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि मिलती है. जबकि शहरी इलाकों में यह राशि 2 लाख 35 हजार रुपए है. इस मामले को लेकर ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों द्वारा सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
हितग्राहियों का कहना है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में मकान बनाने की लागत समान है लेकिन अनुदान की राशि में बड़ा अंतर है।
सौतेले व्यवहार से नाराजगी
नरसिंहपुर से भोपाल पहुंचे हितग्राहियों से जब हमारे यश भारत के संवाददाता ने चर्चा की तो उन्होंने अपना दर्द बयां किया उन्होंने कहा कि मकान का कार्य पूर्ण करने के लिए हितग्राही को अतिरिक्त कर्ज लेना पड़ता है. ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों हो रहा है।







