प्राइम टाइम विथ आशीष शुक्ला में प्रदूषित पेयजल और कांग्रेस संगठन सौरभ नाटी शर्मा से विशेष चर्चा
दूषित पानी की कांग्रेस को भी चिंता

जबलपुर, यश भारत। यश भारत न्यूज चैनल के लोकप्रिय कार्यक्रम प्राइम टाइम में कार्यक्रम संचालक आशीष शुक्ला ने जबलपुर कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा से शहर में प्रदूषित पेयजल की स्थिति और कांग्रेस नगर संगठन की भूमिका को लेकर विशेष चर्चा की। कार्यक्रम में इंदौर में दूषित जल से हुई मौतों का हवाला देते हुए जबलपुर में संभावित खतरे, नगर निगम की तैयारियों और विपक्ष की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए।
इंदौर की घटना से जबलपुर को चेतावनी
चर्चा के दौरान सौरभ नाटी शर्मा ने इंदौर की घटना को बेहद दुखद और दर्दनाक बताया। उन्होंने कहा कि इंदौर में जो हुआ, वैसी ही स्थिति जबलपुर में भी बन सकती है। जबलपुर इस समय एक बड़ी घटना के मुहाने पर खड़ा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हालात भयावह हो सकते हैं।
नालों से गुजरती 80 प्रतिशत पाइपलाइन
नगर अध्यक्ष ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि जबलपुर की लगभग 80 प्रतिशत पानी की पाइपलाइन नालों से होकर गुजर रही हैं। इससे पानी के दूषित होने का खतरा लगातार बना हुआ है। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा इन पाइपलाइनों के सुधार या स्थानांतरण को लेकर कोई ठोस कार्य नहीं किया जा रहा है।
महापौर के वार्ड में भी दूषित जल
सौरभ शर्मा ने आरोप लगाया कि महापौर के अपने वार्ड में भी दूषित पानी की शिकायतें सामने आई हैं, लेकिन वहां भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जब शीर्ष स्तर पर ही लापरवाही है, तो आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर गंभीरता कैसे आएगी।
कांग्रेस का जमीनी आंदोलन
कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन की जानकारी देते हुए सौरभ शर्मा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर किट के माध्यम से पानी की प्रारंभिक जांच कर रहे हैं। यदि पानी दूषित पाया जाता है, तो संबंधित विभाग से उसकी विधिवत जांच करवाई जाती है। इसके साथ ही कांग्रेस ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, जिस पर नागरिक दूषित जल की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस संगठन हर पीड़ित नागरिक की हर संभव मदद करेगा।
संगठन की मजबूती पर जवाब
कार्यक्रम के दूसरे हिस्से में कांग्रेस संगठन की मजबूती को लेकर सवाल किए गए। इस पर सौरभ शर्मा ने कहा कि राजनीति में अलग-अलग दौर आते हैं और वर्तमान में भी एक विशेष दौर चल रहा है, लेकिन कांग्रेस कहीं कमजोर नहीं है। कांग्रेस हर स्तर पर मजबूत है, विपक्ष की भूमिका पूरी ताकत से निभा रही है और आने वाले समय में और मजबूती के साथ सामने आएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता के मुद्दों को उठा रही है और आगे भी जनता के साथ खड़ी रहेगी। यह संपूर्ण चर्चा यश भारत न्यूज चैनल के साथ-साथ यश भारत के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विस्तार से देखी जा सकती है।







