देशमुंबई

ठाणे में पांच मंजिला इमारत का स्लैब गिरा,3 घायल

80 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू

ठाणे, यश भारत

ठाणे के वागले एस्टेट इलाके से मंगलवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां नूतन नीलम अपार्टमेंट नामक पांच मंजिला इमारत के पांचवें फ्लोर का स्लैब अचानक भरभरा कर नीचे गिर गया। स्लैब चौथी मंजिल पर आ गिरने से पूरी इमारत में हड़कंप मच गया।

इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मलबे और संभावित खतरे के बीच फंसे करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना तड़के सुबह उस समय हुई जब अधिकांश निवासी अपने घरों में सो रहे थे। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जान बचाकर बाहर की ओर भागे।

घटना की सूचना मिलते ही ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू किया गया और इमारत को खाली कराकर आसपास के क्षेत्र को भी एहतियातन घेर लिया गया।

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि इमारत की संरचनात्मक मजबूती की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर स्लैब गिरने का कारण जर्जर निर्माण या रखरखाव में लापरवाही माना जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने इलाके की अन्य पुरानी इमारतों का भी सर्वे कराने के संकेत दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button