
जुमे की नमाज़ के दौरान शिया इमामबाड़े पर आत्मघाती हमला, 31 की मौत, 169 घायल
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, अस्पताल अलर्ट पर
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के दौरान एक शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) को निशाना बनाकर भीषण आत्मघाती हमला किया गया। पाकिस्तानी अख़बार द डॉन के मुताबिक इस हमले में अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 169 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इससे पहले पाकिस्तानी मीडिया में मृतकों की संख्या 69 बताई गई थी, जिसे बाद में संशोधित किया गया।

यह आत्मघाती हमला इस्लामाबाद के शहजाद टाउन इलाके में उस समय हुआ, जब बड़ी संख्या में लोग नमाज़ अदा कर रहे थे। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

हमले की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों और घायलों की संख्या में इज़ाफा हो सकता है।

पूरे शहर में इमरजेंसी
इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख ने सुरक्षा हालात को देखते हुए पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

राष्ट्रपति ने जताया शोक
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ है। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।







