
बुरहानपुर: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में गर्मी का जबर्दस्त असर देखने को मिल रहा है। रविवार को सूर्य की तपिश इतनी तेज रही कि दिन का तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जमीन भट्टी की तरह तप रही है। इस भीषण गर्मी के कारण बाजारों में सन्नाटा पसर गया है और लोग गर्मी से बचने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी: बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों को सुरक्षित रहने, लू और गर्मी से संबंधित बीमारियों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
अस्पताल में विशेष व्यवस्था: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राजेश सिसोदिया ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए जिला अस्पताल में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि धूप और लू से पीड़ित मरीजों के लिए अस्पताल में 5 बेड का एक अलग वार्ड तैयार किया गया है। ऐसे मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर इलाज मुहैया कराया जाएगा ताकि उनका समय पर उपचार हो सके।
बचाव के लिए सलाह: सीएमएचओ डॉ. राजेश सिसोदिया ने लोगों को लू से बचाव के लिए लगातार पानी पीने, ओआरएस और तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। उन्होंने यह भी कहा कि घर से बाहर निकलते समय मुंह, कान और सिर को अच्छी तरह से ढक कर रखें, जिससे बीमार पड़ने की संभावना कम हो जाएगी।
अन्य जिलों में भी गर्मी का कहर: बुरहानपुर के साथ-साथ मध्य प्रदेश के अन्य जिले भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। इंदौर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, वहीं उज्जैन में सड़कों का डामर पिघलने लगा है और रतलाम में भी अंगारों जैसी गर्मी पड़ रही है।







