मरे हुए लोगों के नाम से सरपंच और सचिव ने निकाला मनरेगा का पैसा -दोनों आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का केस दर्ज

मरे हुए लोगों के नाम से सरपंच और सचिव ने निकाला मनरेगा का पैसा
-दोनों आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का केस दर्ज
भोपाल यशभारत।
बैरसिया थाना क्षेत्र में स्थित एक ग्राम पंचायत के सरपंच और पंचायत सचिव ने मिलकर पांच मरे हुए लोगों के नाम से मनरेगा का पैसा निकाल लिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसडीओपी बैरसिया सर्वप्रिय सिन्हा (आईपीएस) ने बताया कि ग्राम अर्रावती ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा ) के तहत ग्राम पंचायत में आने वाले बेरोजगार लोगों को काम दिया गया था। वर्ष 2023 से 2024 के बीच ग्राम पंचायत के सरपंच गंगा राम और पंचायत सचित छगन उर्फ छगन यादव ने मनरेगा योजना में ऐसे पांच लोगों का नाम शामिल कर सरकारी खजाने से 16 हजार रूपए निकाल लिए, जिनकी पूर्व में ही मौत हो चुकी है। मरे हुए लोगों के नाम पर मनरेगा योजना के तहत सरकारी पैसा निकल कर प्राप्त करने का खुलासा होने पर वैभव बनोदिकर की ओर से शिकायत की गई थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने सरपंच गंगाराम और सचिव छगन उर्फ छगन यादव के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया र्है। फिलहाल पुलिस मनरेगा योजना के तहत की गई जालसाजी की जांच कर रही है।






