
साजिद पठान को बिश्नोई गैंग से मिली 10 करोड़ की धमकी,बोरीवली के ज्वेलर्स से भी रंगदारी की मांग
शुभम लोणकर ने कहा, ‘बाबा सिद्धिकी को ठोका, अब तेरी बारी!’
महाराष्ट्र , यश भारत। महाराष्ट्र के अकोला (प.) के विधायक साजिद पठान और बोरीवली के एक नामचीन ज्वेलर्स को लारेंस बिश्नोई गैंग से फिरौती के लिए धमकी मिली है। साजिद पठान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शुभम लोणकर ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी है, जिसका ऑडियो सामने आया है।
विधायक साजिद पठान के मुताबिक, मुझे फोन आया। फोन पर सामनेवाले ने कहा कि शुभम लोणकर बोल रहा हूं। 10 करोड़ रुपए की मांग करते हुए उसने कहा कि मैंने बाबा सिद्दीकी की हत्या की थी। मेरे बारे में पता कर लो, जहां मिलोगे वहां शूट कर देंगे। इस धमकी के मिलने के बाद अकोला पुलिस ने साजिद पठान की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। वहीं दूसरी ओर साजिद पठान आज विधानसभा में अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन उनका कहना है कि विधान सभा में उन्हें बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मुझे ये बताना था कि अगर एक विधायक को फिरौती की धमकी आ सकती है तो आम आदमी के साथ क्या हो रहा होगा।
खैर, पुलिस की जांच में पता चला है कि ये फोन कैलिफोर्निया से आया था। वहीं दूसरी ओर मुंबई के बोरीवली इलाके स्थित एक ज्वेलर्स व्यवसायी को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 30 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्वेलर्स को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से मैसेज और व्हॉट्सऐप कॉल के जरिए धमकियां दी गईं। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 30 लाख रुपए की मांग की। बाद में यह मांग 10 लाख रुपए पर आकर ठहर गई।
धमकी भरे संदेश में कहा गया कि यदि 24 घंटे के भीतर पैसे नहीं दिए गए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। यहां तक कि ‘बाबा सिद्दीकी की तरह हत्या कर देंगे’ जैसी धमकी भी दी गई। आरोपी ने एक लाख रुपए नकद और बाकी रकम बैंक खाते में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए थे।
घटना से घबराए ज्वेलर्स मालिक ने बोरीवली पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की समानांतर जांच स्थानीय अपराध शाखा द्वारा भी किया जा रहा है।







