RPF जवान ने साथी प्रधान आरक्षक की सिर में दागी गोलियां, मौके पर मौत
आरोपी प्रधान आरक्षक रीवा जिले का रहने वाला

रायगढ़,एजेंसी। बुधवार तड़के लगभग 4 बजे रायगढ़ रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ की चौकी में ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक ने प्लेटफार्म ड्यूटी से वापस आए साथी प्रधान आरक्षक के सिर पर गोली मार कर उसकी हत्या कर दी। इस गोलीकांड से रेलवे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई है। इधर घटना के बाद चौकी को सील कर जीआरपी ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बताया जाता है कि प्रधान आरक्षक के एस लादेर की रात्रि पहर में चौकी ड्यूटी पर तैनाती की गई थी, जबकि प्लेटफार्म ड्यूटी की जवाबदारी पीके मिश्रा की थी। सुबह 4 बजे के आसपास अहमदाबाद एक्सप्रेस को अटेंड करने के बाद प्रधान आरक्षक मिश्रा अपने साथी जवान के साथ थाने पंहुचा। साथी जवान तो प्लेटफार्म पर ही रुक गया जबकि मिश्रा थाने के भीतर चला गया। बमुश्किल से 10 मिनट ही गुजरे थे कि चौकी के भीतर गोली चलने की गूंज से स्टेशन परिसर दहल गया। आवाज सुनकर पहुंचे लोगो ने देखा कि रक्त रंजित हालत में पीके मिश्रा मृत हालत में पड़ा हुआ था और प्रधान आरक्षक लादेर गन लिए खड़ा था। बताया जा रहा है कि एस लादेर ने पीके मिश्रा के सिर पर चार राउंड फायर कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई।
माना जा रहा है कि आपसी कहासुनी में तैश में आकर लादेर ने अपने गन से पीके मिश्रा के सिर पर गोली मार दी है। मृतक जांजगीर जिले का रहने वाला, जबकि आरोपी प्रधान आरक्षक रीवा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है ।
बहरहाल रेलवे पुलिस जीआरपी ने चौकी को सील कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि, अभी आईजी के आने का इंतजार किया जा रहा है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटनास्थल पर मृतक की पत्नी भी पहुंच चुकी है।







