पुराने भोपाल में कल सुबह 8 बजे से बदले रहेंगे रास्ते, निकलने से पहले देख लें रूट मैप

पुराने भोपाल में कल सुबह 8 बजे से बदले रहेंगे रास्ते, निकलने से पहले देख लें रूट मैप
भोपाल,यश भारत। राजधानी भोपाल में रविवार को रंगपंचमी के अवसर पर निकलने वाले पारंपरिक चल समारोह को लेकर शहर का दिल कहे जाने वाले पुराने इलाके में उल्लास का माहौल रहेगा। बेहतर ट्रैफिक, बेहतर भोपाल के संकल्प के साथ ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। शहरवासियों को जाम से बचाने के लिए सुबह 8:00 बजे से ही पुराने शहर के प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
चल समारोह का मार्ग
सुभाष चौक (सराफा) से शुरू होकर यह काफिला लोहा बाजार, जुमेराती, सिंधी मार्केट, सोमवारा, लखेरापुरा, पीपल चौक, इतवारा जैन मंदिर और मंगलवारा थाने से होते हुए घोड़ा नक्कास और अंत में हनुमानगंज रोड स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेगा।
सावधान: इन रास्तों पर रहेगा नो-एंट्री का पहरा
यदि आप कल सुबह घर से निकल रहे हैं, तो ध्यान दें कि निम्नलिखित पॉइंट्स से डायवर्जन रहेगा:
मोती मस्जिद और तलैया से: बुधवारा की ओर जाना प्रतिबंधित रहेगा।
भारत टॉकीज से: इतवारा की ओर एंट्री नहीं मिलेगी।
नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज से: घोड़ा नक्कास और अल्पना तिराहे की ओर जाने वाले रास्ते प्रभावित रहेंगे।
काजी कैंप से: सिंधी कॉलोनी की ओर जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
ये रहेंगे आपके वैकल्पिक रास्ते
जाम से बचने के लिए आप इन रास्तों का चुनाव कर सकते हैं:
अल्पना तिराहा से: सपना लॉज, अग्रवाल धर्मशाला और सिंधी कॉलोनी होकर शाहजहानाबाद।
तलैया से: लिली टॉकीज चौराहा वाला मार्ग।
इमामबाड़ा से: पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क वाला रास्ता खुला रहेगा।







