रोटरी क्लब जबलपुर पदभार ग्रहण समारोह: सेवा, समर्पण और संस्कार से ही सच्ची मानवता की सेवा संभव”: उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल


जबलपुर, 18 जुलाई, 2025: उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने आज जबलपुर में रोटरी क्लब जबलपुर के पदभार ग्रहण समारोह में कहा कि सेवा, समर्पण और संस्कार की भावना से लगातार पीड़ित मानवता की सेवा ही सच्ची सेवा है। उन्होंने गुलजार होटल में आयोजित इस समारोह में रोटरी क्लब की नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके जनसेवा के कार्यों की सराहना की।

श्री शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि जहां शासन और प्रशासन जन कल्याण के कार्य करते हैं, वहीं रोटरी क्लब जैसी संस्थाएं भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कोविड काल में रोटरी क्लब के मानवता की सेवा के गौरवशाली कार्य का विशेष उल्लेख किया। उपमुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत अब आर्थिक रूप से सक्षम हो रहा है और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि पहले जन कल्याण के लिए फंड की कमी होती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर काम हो रहा है और सरकार इन कार्यों को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने रोटरी क्लब से आह्वान किया कि वे मानवता की सेवा, समर्पण और जबलपुर की ‘संस्कारधानी’ के अनुरूप कार्य कर अपनी संस्था को गौरवान्वित करें।
.jpeg)
रोटरी क्लब निस्वार्थ सेवा का मार्ग: राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा
कार्यक्रम में अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में राज्यसभा सांसद श्री विवेक तन्खा ने कहा कि रोटरी निस्वार्थ सेवा का एक मार्ग है, जहाँ विभिन्न क्षेत्रों के लोग मानवता की सेवा के लिए एकजुट होते हैं। उन्होंने नवगठित रोटरी क्लब की टीम को अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
इस गरिमामय समारोह में महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, सांसद श्री आशीष दुबे, सांसद द्वय श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, विधायक श्री लखन घनघोरिया, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, रोटरी क्लब की अध्यक्ष श्रीमती मिताली बैनर्जी, पूर्व सांसद श्रीमती जयश्री बैनर्जी, श्री अमित जायसवाल, पल्लवी जायसवाल, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।








