भोपालमध्य प्रदेश

डकैती की साजिश नाकाम: पुलिस ने सरगना, उसकी पत्नी और नाबालिग सहित 5 को दबोचा

डकैती की साजिश नाकाम: पुलिस ने सरगना, उसकी पत्नी और नाबालिग सहित 5 को दबोचा

मास्टरमाइंड ऐजाज उर्फ लंगड़ा पत्नी और बच्चे को ढाल बनाकर डालता था डकैती

भारी मात्रा में अवैध हथियार और चरस-गांजा बरामद

भोपाल, यशभारत। राजधानी की शाहजहाँनाबाद और ईदगाह हिल्स पुलिस ने एक संयुक्त और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए रामनगर क्षेत्र में डकैती डालने की योजना बना रहे एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के सरगना ऐजाज उर्फ लंगड़ा, उसकी पत्नी आसिया खान और दो अन्य साथियों सहित एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से धारदार हथियार और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान 27 मार्च को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश रामनगर में डकैती की नीयत से इकट्ठा हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक माधव सिंह परिहार और शेषनाथ सिंह के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर संदेहियों को पकड़ा, जिनके पास से 5 चाकू, तलवार, लोहे की रॉड, डंडा और टॉर्च जैसे उपकरण बरामद हुए।

पत्नी और बच्चे को बनाता था सुरक्षा कवच
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना ऐजाज खान बेहद शातिर है। वह पुलिस की नजरों से बचने और संदेह से दूर रहने के लिए अपनी पत्नी आसिया और एक नाबालिग बालक को डकैती की वारदातों में आगे रखता था। ऐजाज पर पहले से ही विभिन्न थानों में 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

डकैती के साथ नशे का काला कारोबार
तलाशी के दौरान आरोपी ऐजाज के पास से अवैध मादक पदार्थ भी मिले हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से 599 ग्राम गांजा और 106 ग्राम चरस जब्त की है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह डकैती के साथ-साथ चोरी-छिपे नशे की तस्करी भी करता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button