
रतन टाटा कौशल विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह कल
मुंबई, यश भारत । रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह शनिवार, 21 मार्च को दोपहर 2 बजे लोकभवन के दरबार हॉल में आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस समारोह में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार सहित कई गणमान्य हस्तियां शामिल होंगी। यह जानकारी कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने दी। जुलाई 2022 में स्थापित यह विश्वविद्यालय उद्योग आधारित शिक्षा देने के लिए जाना जाता है। यहां स्टार्टअप, इनक्यूबेशन, प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। पनवेल में विश्वविद्यालय का भव्य परिसर विकसित किया जा रहा है, जबकि नवी मुंबई, ठाणे, पुणे और नागपुर में प्रशिक्षण केंद्र पहले से संचालित हैं।
विश्वविद्यालय ने माइक्रोसॉफ्ट, किरलोस्कार ग्रुप और परसिस्टेंट सिस्टमस जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ साझेदारी की है। साथ ही, डिजाइन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं।
दीक्षांत समारोह के अवसर पर ‘जयंत सहस्रबुद्धे कौशल प्रदर्शनी’ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विभिन्न उद्योगों और महिला स्टार्टअप्स के नवाचार प्रदर्शित किए जाएंगे। यह आयोजन युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खोलने में महत्वपूर्ण साबित होगा।







