रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय: कर्मचारी संघ चुनाव की रणभेरी बजी, 25 मार्च को होगा मतदान

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) के शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी के गठन का रास्ता साफ हो गया है। निर्वाचन अधिकारी प्रो. राकेश बाजपेई ने गुरुवार को चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी, जिसके तहत आगामी 25 मार्च को मतदान और उसी दिन मतगणना संपन्न होगी। ज्ञात हो कि बुधवार को अजाक्स संघ की एक आपत्ति के कारण कार्यक्रम अटक गया था, जिसका निराकरण कर चुनाव तिथियां जारी की गईं। घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 13 से 16 मार्च तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी, जबकि 17 मार्च की दोपहर 2 बजे तक फॉर्म जमा किए जा सकेंगे। 18 मार्च को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि संघ के पदाधिकारियों का कार्यकाल 2 मार्च को ही समाप्त हो गया था, लेकिन पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल द्वारा कथित तौर पर प्रक्रिया में बाधा डालने के कारण कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा था। इस विवाद के चलते कुलगुरु कार्यालय में घमासान की स्थिति भी निर्मित हुई थी। इसी बीच, मंगलवार को कुलगुरु कक्ष में हुई तीखी झड़प के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कुलसचिव ने कर्मचारी संघ के पूर्व उपाध्यक्ष प्रेमप्रकाश पुरोहित को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने बैठक के दौरान कुलगुरु से अमर्यादित तरीके से बहस की और नस्ती पर तत्काल अनुमोदन के लिए दबाव बनाया। प्रशासन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।







