शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था के खिलाफ उबाल: ABVP ने उच्च शिक्षा मंत्री का घेराव कर सौंपा ज्ञापन

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) में व्याप्त शैक्षणिक और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को जबलपुर प्रवास पर आए मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को परिषद के कार्यकर्ताओं ने घेर लिया और विश्वविद्यालय प्रशासन की विफलताओं को लेकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि अब छात्रों का भविष्य दांव पर है और वे चुप नहीं बैठेंगे।
होम साइंस कॉलेज के बाहर जोरदार प्रदर्शन
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार आज होम साइंस कॉलेज के वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। जैसे ही इसकी सूचना विद्यार्थी परिषद को मिली, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कॉलेज के बाहर एकत्र हो गए और धरने पर बैठ गए। नारों की गूँज इतनी तेज थी कि मंत्री जी को जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयं बाहर आकर छात्रों की बात सुननी पड़ी।
कुलगुरु की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल
परिषद ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु और कुलसचिव छात्रों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनहीन बने हुए हैं। बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि ऐसे अधिकारियों की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए जो समाधान निकालने में असमर्थ हैं।
प्रमुख मांगें और मुद्दे
प्रदर्शन के दौरान ABVP ने 19 सूत्रीय मांगों को लेकर मंत्री को अवगत कराया, जिनमें मुख्य हैं:
संसाधनों का अभाव: बिना पर्याप्त शिक्षकों और बुनियादी ढांचे के चल रहे पाठ्यक्रम।
परिणामों में देरी: परीक्षा परिणामों में लेटलतीफी और मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी।
जर्जर भवन: विश्वविद्यालय परिसर के भवनों की खराब स्थिति और बुनियादी सुविधाओं का टोटा।
आर्थिक मुद्दे: युवा उत्सव का बकाया शुल्क और डिग्री प्रिंटिंग में हो रही देरी।
चेतावनी: ‘नहीं सुधरे हालात तो होगा उग्र आंदोलन’
केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य माखन शर्मा और महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। यदि विश्वविद्यालय की व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ और जवाबदेही तय नहीं की गई, तो परिषद उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। प्रांत विश्वविद्यालय संयोजक ऐश्वर्या सोनकर और विश्वविद्यालय मंत्री आयुष बारी ने भी प्रवेश, परीक्षा और परिणाम की समस्याओं का त्वरित निराकरण न होने पर तालाबंदी की चेतावनी दी है।







