हर नागरिक को 15 लाख तक मुफ्त इलाज का प्रस्ताव

हर नागरिक को 15 लाख तक मुफ्त इलाज का प्रस्ताव
विधानसभा में डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह का निजी सदस्य विधेयक, सार्वभौमिक स्वास्थ्य सुरक्षा की मांग
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने एक निजी सदस्य विधेयक प्रस्तुत कर महत्वपूर्ण पहल की है। इस विधेयक में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को प्रति वर्ष 15 लाख रुपये तक का नि:शुल्क स्वास्थ्य बीमा कवरेज उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
विधेयक को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 196 तथा मध्य प्रदेश विधानसभा के स्थायी आदेश 25 के अंतर्गत सदन में पेश किया गया। प्रस्तावित कानून का उद्देश्य राज्य के सभी वर्गों को व्यापक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना बताया गया है।
डॉ. सिंह ने अपने प्रस्ताव में कहा कि बढ़ते चिकित्सा खर्च के कारण आम नागरिकों, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ऐसे में सार्वभौमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना लागू करना समय की आवश्यकता है, ताकि किसी भी व्यक्ति को उपचार के अभाव में आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करते हुए प्रदेश में सुदृढ़ और समावेशी स्वास्थ्य सुरक्षा प्रणाली विकसित की जाए। विधेयक पर आगे की कार्यवाही सदन के निर्णय पर निर्भर करेगी।







