
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मंडला में कहा, मध्यप्रदेश में भाजपा की 225 महीनों की सरकार है, ढाई सौ घोटाले हैं। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करते हुए कहा- प्रदेश में आदिवासियों पर जो अत्याचार हो रहे हैं, उसका कोई मुकाबला नहीं है। भाजपा की सरकार के लोग लूट में व्यस्त हैं।
प्रियंका गांधी के भाषण की 6 खास बातें…
अजा-अजजा के बैकलॉग पदों पर तत्काल भर्ती : किसानों का कर्ज माफ करेंगे। 100 रुपए में पहले जैसे 100 यूनिट बिजली देंगे। 200 युनिट पर आधा बिल। हम पुरानी पेंशन स्कीम लागू करेंगे। गैस का सिलेंडर 500 में मिलेगा। महिलाओं के खाते में 1500। 5 हार्स पावर सिंचाई तक बिजली मुफ्त। ओबीसी आरक्षण 27% तक रहेगा। जाति जनगणना कराएंगे। जहां 50% से अधिक आदिवासी हैं वहां छठीं अनुसूची डाली जाएगी। अजा-अजजा के बैकलॉग पदों पर तत्काल भर्ती की जाएगी।
बच्चों की शिक्षा पहली से 12वीं तक निशुल्क: बच्चों की शिक्षा पहली से 12वीं तक निशुल्क होगी। इसका नाम योजना पढ़ो और पढ़ाओ योजना हाेगा। कक्षा एक से आठ तक बच्चों को पांच सौ, नौवीं से दस तक एक हजार रुपए दिए जाएंगे। ग्यारहवीं से बारहवीं तक ये हर महीने पंद्रह सौ रुपए मिलेंगे।
इतने घोटाले, अब सरकार बदलने का समय: मप्र में भाजपा की 225 महीनों की सरकार है, ढाई सौ घोटाले हैं। 18 साल से सरकार है, 22 हजार घोषणाएं की हैं। मंडला-जबलपुर सड़क 10 साल में नहीं बना पाए। इतने सारे घोटाले हैं.. बच्चों के पोषण में घोटाला, मिड डे मील में घोटाला, सर्व शिक्षा अभियान में घोटाला, स्कॉलरशिप में घोटाला, भर्ती परीक्षा में घोटाला। ऐसे में बेचारा नौजवान करे क्या? फीस भरकर तैयारी करता है, परीक्षा देता है फिर क्या होता है। उसमें घोटाला हो जाता है।
आपको जूते दे रहे हैं, बोनस नहीं दे रहे: तेंदूपत्ता देने का काम इंदिराजी ने शुरू किया था। आपको जूते दे रहे हैं, बोनस नहीं दे रहे। उसमें कमीशन होगा। क्या जूता-चप्पल, छाते से आपका सम्मान जुड़ा है? क्या आपका सम्मान मेहनत से नहीं जुड़ा है? कांग्रेस की सोच है आपकी मेहनत आपका सम्मान है।
सीजी की तरह पेसा कानून लागू होगा: सीजी में कांग्रेस की सरकार है। बस्तर गई थी। वहां आदिवासी रहते हैं। वहां आज तेंदूपत्ता के लिए प्रति बोरा 4000 रुपए मिलते हैं। आदिवासी क्षेत्र को वहां ब्रांड बना दिया है। यहां भी सरकार आएगी तो तेंदूपत्ता के लिए 4000 रुपए दिए जाएंगे। सीजी की तरह पेसा कानून लागू होगा।
भाजपा की सरकार के लोग लूट में व्यस्त रहे: डेढ़ लाख महिलाएं और बच्चियां गायब हो गईं। हर रोज 17 बलात्कार हो रहे हैं। आदिवासियों पर जो अत्याचार बरसाए जा रहे हैं उनका कोई मुकाबला नहीं है। आपको रोजगार नहीं मिल रहे हैं। ये देखकर दुख होता है कि शहीदों की धरती पर रोजगार नहीं है, लोग पलायन कर रहे हैं। भाजपा की सरकार के लोग लूट में व्यस्त रहे हैं। धर्म और जाति की बात होती है, जिसमें आपके जज्बात जुड़े होते हैं।