धार में इतिहास रचेंगे प्रधानमंत्री मोदी, देश का पहला पीएम मित्रा पार्क होगा शुरू
Prime Minister Narendra Modi will create history in Dhar, India's first PM Mitra Park will be inaugurated

धार में इतिहास रचेंगे प्रधानमंत्री मोदी, देश का पहला पीएम मित्रा पार्क होगा शुरू,
3 लाख रोजगार सृजन का लक्ष्य
भोपाल, यश भारत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितम्बर को मध्यप्रदेश प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे धार जिले के भैसोला गांव में देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणा और आनंद का क्षण होगी। उन्होंने इसे प्रदेश के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए कहा कि पीएम मित्रा पार्क से प्रदेश को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कपास उत्पादक क्षेत्र धार, झाबुआ, खरगोन, बड़वानी और उज्जैन को इस पार्क से सीधे लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि पार्क से एक लाख प्रत्यक्ष और दो लाख से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होंगे। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ भी करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में ‘सुमन सखी’ चैटबॉट लांच किया जाएगा। साथ ही स्व-सहायता समूहों से स्वदेशी उत्पादों की खरीद, यूपीआई से भुगतान व्यवस्था, सेवा पर्व एवं आदि कर्मयोगी अभियान की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री “एक बगिया मां के नाम” अभियान के तहत महिला लाभार्थियों को पौधों का वितरण करेंगे। इसके अलावा एक करोड़ सिकल सेल कार्ड का वितरण और स्वदेशी पखवाड़े का शुभारंभ भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।
कार्यक्रम की तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर कैंप कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दें। महिला प्रतिभागियों को स्थल तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए 11 विभाग सक्रिय हैं और मीडिया प्लान तैयार कर लिया गया है। कलेक्टर धार ने पीपीटी प्रजेंटेशन के जरिए तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भैसोला गांव तक नई पक्की एप्रोच रोड बनाई जा रही है और चारों दिशाओं से आने वाले प्रतिभागियों के लिए परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
बैठक में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला, डीजीपी कैलाश मकवाना, आयुक्त जनसंपर्क डॉ. सुदाम खाड़े सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







