यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस सख्त

यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस सख्त
शाहजहानाबाद पुलिस ने ईदगाह हिल्स पर काटे दर्जनों चालान
भोपाल, यश भारत। राजधानी में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए शाहजहानाबाद थाना पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को थाना क्षेत्र के अंतर्गत ईदगाह हिल्स पुलिस चौकी के सामने विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
हेलमेट और सीट बेल्ट पर विशेष फोकस
चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुख्य रूप से उन दोपहिया वाहन चालकों को रोका जो बिना हेलमेट के सफर कर रहे थे। वहीं, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग न करने वाले चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर ही चालान बनाए गए। अभियान के दौरान न केवल जुर्माना वसूला गया, बल्कि कई वाहनों की तकनीकी जांच और दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया।
नियमों के प्रति किया जागरूक
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाइश भी दी। पुलिस का कहना है कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं हेलमेट न पहनने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण घातक साबित होती हैं। पुलिस के अनुसार, आने वाले दिनों में यह अभियान क्षेत्र के अन्य संवेदनशील चौराहों पर भी जारी रहेगा ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।







