पुलिस आरक्षक के बेटे ने फांसी लगाई, 10वीं के मिड टर्म एग्जाम से पहले हुई मौत

पुलिस आरक्षक के बेटे ने फांसी लगाई, 10वीं के मिड टर्म एग्जाम से पहले हुई मौत
कैंपियन स्कूल का छात्र था रुद्राक्ष राजावत; सुबह 4:30 बजे ड्राइंग रूम में पिता ने देखा फंदे पर लटका
भोपाल, यशभारत। राजधानी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन में पदस्थ एक आरक्षक के घर में शनिवार सुबह उस समय मातम पसर गया, जब उनके 15 वर्षीय बेटे ने घर के ड्राइंग रूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र रुद्राक्ष राजावत ने यह आत्मघाती कदम अपने 10वीं कक्षा के मिड टर्म एग्जाम के ठीक पहले उठाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र का नाम रुद्राक्ष राजावत था, जो कैंपियन स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता इंद्रपाल सिंह पुलिस लाइन में आरक्षक के पद पर तैनात हैं। शनिवार को रुद्राक्ष का मिड टर्म एग्जाम था। शुक्रवार रात को उसने सामान्य रूप से घरवालों के साथ समय बिताया और रात का खाना खाने के बाद एग्जाम की तैयारी करने के लिए पढ़ने बैठ गया। बताया गया कि रुद्राक्ष ने मफलर का इस्तेमाल कर फांसी का फंदा बनाया। घटना का खुलासा तब हुआ जब पिता इंद्रपाल सिंह शनिवार सुबह लगभग 4:30 बजे सोकर उठे और उन्होंने अपने बेटे रुद्राक्ष को ड्राइंग रूम में फांसी पर लटका देखा।
अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित
परिजनों ने तुरंत रुद्राक्ष को फंदे से नीचे उतारा और बिना देर किए उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया। वही जहांगीराबाद पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर लिया है। परिजनों का कहना है कि रुद्राक्ष ने किसी प्रकार की परेशानी या तनाव का कोई जिक्र नहीं किया था। पुलिस अब रुद्राक्ष के दोस्तों और स्कूल स्टाफ से भी पूछताछ करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह शैक्षणिक दबाव या किसी अन्य कारण से मानसिक तनाव में था।







