
जबलपुर यश भारत। महाराष्ट्र के नासिक से लग्जरी कार से शहर पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोरों को क्राइम ब्रांच की टीम ने दबोच लिया है। आरोपियों के पास से चोरी का माल बरामद कर पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने शहर के अलावा और कहां-कहां चोरी की घटनाओं की अंजाम दिया है।जानकारी के मुताबिक यादव कॉलोनी मेहता पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाला एक परिवार घर में ताला डालकर कहीं गया था। सूने घर का फायदा उठाते हुए शातिर चोर पहुंचे और कटर से ताला काटकर अंदर घुस गए। चोर वहां से डॉलर,भगवान की मूर्ति, और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर ही चुरा पाए थे कि तभी वहां मकान मालिक पहुंच गए, जिन्हें मकान में एंटर होते देख किसी तरह चोर वहां से भाग निकले।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग दिन में कॉलोनियों में घूम-घूमकर देखते थे कि किन मकानों में ताला लगा है। रैकी करके ही उन दोनों ने सुभान सिंह निवासी छग्गर फार्म तिलहरी और यादव कॉलोनी निवासी आशीष कुमार मिश्रा के घर को निशाना बनाया।इसके बाद भी चोर रुके नहीं और उन्होंने गोराबाजार में 15-16 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। प्रकरण दर्ज होने के बाद एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर क्राइम ब्रांच चोरों की पतासाजी में ही जुटी थी कि इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी दोनों की घटनाओं को अंजाम देने वाले चोर त्रिपुरी चौक स्थित मारुति मंडपम होटल में रुके हैं।
क्राइम ब्रांच की टीम ने जब मौके पर दबिश दी तो दोनों चोर वहां सो रहे थे, जिन्हें दबोच लिया गया। थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच ने बताया कि चोरों की शहर के अन्य हिस्सों में भी चोरी करने की योजना थी कि लेकिन गोराबाजार में हुई घटना के 24 घंटे के अंदर ही टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में चोरों ने अपने नाम ऋषिकेश मधुकर निवासी नासिक और रोहन संजय भोले निवासी नासिक बताए हैं।
नंबर बदलकर दिया घटना को अंजाम बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जिस स्कॉडा कार से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था उसका नंबर जीजे 16 डीके 0675 था लेकिन जब उन्हें पकड़ा गया तो उनके पास से दो गुजरात पासिंग नंबर प्लेट भी बरामद हुई। जांच में खुलासा हुआ कि गुजरात पासिंग जो नंबर प्लेट लगाकर चोरी की गई थी, वह फर्जी थी।चोरों के पास से करीब 92.5 ग्राम सोना, चांदी 325 ग्राम, 1 कारवां रेडियो, एक सीपी प्लस कंपनी का डीवीआर, सात मोबाइल फोन, एक नग लोहे का ब्रांडेड कटर, एक स्टील की रॉड, चार नग लोहे की पेंचकस, दो ब्रीफ केस सहित अन्य चीजें बरामद की गई हैं।







