बाणगंगा क्षेत्र में बड़े नाले की बदबू से परेशान लोग

बाणगंगा क्षेत्र में बड़े नाले की बदबू से परेशान लोग
– सफाई न होने से बढ़ी समस्या
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल के बाणगंगा क्षेत्र में बड़े नाले की लंबे समय से सफाई न होने के कारण स्थानीय लोग भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। नाले में जमा कचरे और गंदगी से उठ रही तेज बदबू के चलते आसपास के इलाके में रहना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र के रहवासी लगातार सफाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड क्रमांक 25 में स्थित इस बड़े नाले में कई दिनों से कचरा जमा होता जा रहा है। नाले की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी सड़ने लगी है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। हालात ऐसे हैं कि नाले के आसपास रहने वाले लोगों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।
रहवासियों का कहना है कि कई बार नगर निगम को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सफाई के लिए कोई अभियान नहीं चलाया गया। नाले में जमा कचरे और गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले की सफाई कराई जाए और नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को गंदगी और बदबू से राहत मिल सके। वहीं नागरिकों का कहना है कि स्वच्छता को लेकर यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यह समस्या स्वास्थ्य संकट का रूप भी ले सकती है।






