मटर महोत्सव का आयोजन, मटर की ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर जोर
मटर आधारित स्वादिष्ट और नवाचारपूर्ण व्यंजन प्रस्तुत

जबलपुर,यशभारत। “एक जिला–एक उत्पाद” योजना के तहत जबलपुर जिले के लिए चयनित मटर की ब्रांडिंग और मार्केटिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को मटर महोत्सव का आयोजन किया गया। मटर महोत्सव तिलवारा रोड स्थित एक होटल में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह प्रमुख रूप से शामिल हुए।
इस महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा मध्यप्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआईडीसी) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में होटल एंड रेस्टोरेंट वेल्फेयर एसोसिएशन, उद्योग विभाग, पर्यटन विकास निगम, जबलपुर स्मार्ट सिटी, जबलपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं महाकौशल चेंबर ऑफ कॉमर्स का सहयोग रहा।
एक दिवसीय मटर महोत्सव में मटर से बने विभिन्न व्यंजनों की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने मटर आधारित स्वादिष्ट और नवाचारपूर्ण व्यंजन प्रस्तुत किए। इसके साथ ही बायर–सेलर मीट का आयोजन भी किया गया, जिसमें जबलपुरी मटर के प्रसंस्करण, निवेश की संभावनाओं और निर्यात से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना, मटर आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करना और जबलपुर की मटर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन से जिले के कृषि उत्पादों को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।







