6 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
पावती देने के एवज में पटवारी ने मांगी थी रिश्वत

सिवनी,यशभारत । पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर जबलपुर लोकायुक्त इकाई ने गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए सिवनी जिले के बरघाट तहसील में पदस्थ पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी महेंद्र बिसेन (51), पटवारी हल्का नंबर 81-82 धपारा, तहसील बरघाट, को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते उसके शासकीय कक्ष, राजस्व निरीक्षक मंडल धपारा से पकड़ा गया। शिकायतकर्ता भगतराम खरे निवासी बोरीखुर्द तहसील बरघाट जिला सिवनी ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, आवेदक की पत्नी बैगीन बाई खरे को उनकी माता द्वारा ग्राम पंचायत धपारा स्थित खसरा नंबर 627 में से 1/5 हिस्सा दिया गया था। भूमि के सीमांकन के बाद पावती देने के एवज में पटवारी ने 6 हजार रुपये की मांग की थी। सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(B) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ट्रैप दल में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।







