फौती नामांतरण के एवज में 4 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

फौती नामांतरण के एवज में 4 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
-ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने किया आरोपी पटवारी को ट्रैप
भोपाल, यशभारत। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर ने शुक्रवार को जिला डिण्डौरी के एक पटवारी को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी ने फौती नामांतरण के नाम पर आवेदक से रिश्वत की मांग की थी। ईओडब्ल्यू ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
जबलपुर ईओडब्ल्यू के मुताबिक कोहका, तहसील जिला डिण्डौरी निवासी राजा राम बिलागर(28) ने गत 11 सिंतबर को पुलिस अधीक्षक आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर को एक शिकायत की थी। जिसमें आवेदक राजाराम ने बताया था कि उसके दादा स्व. श्रीचंद बिलागर के निधन के बाद उसने तहसील कार्यालय डिण्डौरी में फौती नामांतरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था, फैती नामांतरण की प्रक्रिया को पूरा करने के बदले पटवारी कौशल राम चांवले ने उससे चार हजार रूपए की रिश्वत की मांग की है। इस आदेवन जांच के दौरान ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने गुरुवार को शिकायत सत्यापन किया, जिसमें आरोपी पटवारी कौशल राम चांवले द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद आज ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने योजना के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी कौशल राम चांवले को उसके किराए के मकान पुरानी डिण्डौरी स्थित बजरंग मंदिर के पास आवेदन राजा राम बिलगार से चार हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ईओडब्ल्यू ने रिश्वत खोरी के आरोपी में गिरफ्तार हुए आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी पटवारी को न्यायालय में पेश कर की कार्रवाई की जा रही है। ईओडब्ल्यू अधिकारियों को कहना है कि सरकारी कामकाज में रिश्वतखोरी की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।







