गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति का जज्बा: भोपाल की सड़कों पर दौड़े 200 तिरंगाधारी ऑटो

गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति का जज्बा: भोपाल की सड़कों पर दौड़े 200 तिरंगाधारी ऑटो
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में 77वें गणतंत्र दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और अनोखे अंदाज में मनाया गया। इस अवसर पर भोपाल ऑटो यूनियन द्वारा एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसने शहरवासियों का मन मोह लिया। देशभक्ति के रंगों में डूबी इस यात्रा में 200 से अधिक ऑटो चालक शामिल हुए।
बोर्ड ऑफिस से पीसीसी तक बनी तिरंगा श्रृंखला
यह विशाल रैली राजधानी के व्यस्त बोर्ड ऑफिस चौराहे से भारत माता के जयघोष के साथ शुरू हुई। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग तिरंगे के तीन रंगों के सरिया, सफेद और हरे से सराबोर नजर आया। सजे-धजे ऑटो की यह कतार जब शहर की मुख्य सड़कों से गुजरी, तो लोग थमकर इस अद्भुत दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते दिखे। रैली का समापन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर हुआ।
सजावट और उत्साह रहा आकर्षण का केंद्र
यूनियन के एजाज कुरैशी ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के बीच एकता और अखंडता का संदेश फैलाना था। रैली में शामिल हर ऑटो को गुब्बारों, फूलों और बड़े तिरंगों से विशेष रूप से सजाया गया था। यात्रा के दौरान लाउडस्पीकर पर बजते देशभक्ति के गीतों ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रीय भावना से भर दिया। ऑटो चालकों के साथ-साथ उनके परिजन भी इस यात्रा का हिस्सा बने और उत्साहवर्धन किया।








