रोजाना प्रात: 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगी ओपीडी

रोजाना प्रात: 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगी ओपीडी
– आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उपमुख्यमंत्री ने की समीक्षा
भोपाल यशभारत। शसकीय अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए अब ओपीडी रोजाना सुबह ९ बजे से लेकर शाम ४ बजे तक संचालित होंगी। लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसे ध्यान में रखते हुए ओपीडी के समय को निर्धारित किया गया है। यह निर्देश प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य जनसामान्य को सुगम, गुणवत्तापूर्ण और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस दिशा में विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा आवश्यक है ताकि स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं का समयबद्ध सुदृढ़ीकरण और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। बैठक में प्रभारी आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विशेष गढ़पाले तथा संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अरुणा कुमार उपस्थित रहे।
एयर एम्बुलेंस सेवा आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता मिले
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एयर एंबुलेंस सेवा आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रारंभ की गई है। इसके संचालन में समय का विशेष ध्यान रखा जाए तथा इमरजेंसी प्रकरणों में तत्काल निर्णय लेकर मरीजों को शीघ्रतम राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि यह सेवा केवल परिवहन का माध्यम नहीं बल्कि जीवनरक्षक प्रणाली का अभिन्न अंग है, इसलिए इसके संचालन में समन्वय और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता में रहे। मेडिकल रिकूटमेंट प्रक्रिया को विभाग की शीर्ष प्राथमिकताओं में रखते हुए निर्देश दिए कि रिक्रूटमेंट एजेंसियों के साथ नियमित संवाद कायम रखा जाए। सभी लंबित प्रस्ताव शीघ्र भेजे जाएँ और औपचारिकताओं की पूर्ति कर समयबद्ध भर्ती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ की समय पर नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता दोनों में सुधार आएगा।
मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का बनेगा प्रस्ताव
प्रदेश में मेडिकल कॉलेज ओर अस्पताल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। चिकित्सकीय मानकों को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। शुक्ला ने निर्देश दिए हैं कि इन संस्थानों में शिक्षण, अनुसंधान और सेवा तीनों पहलुओं में संतुलन बनाकर दीर्घकालिक उपयोगिता और स्थायित्व लाया जाए। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में मेडिकल टीचर्स के वेतन एवं आयुष्मान भत्ते के वितरण, छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में छात्रावास निर्माण और नर्सिंग पदों पर भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा भी की।







