देश

नीतीश कुमार के बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री, जदयू की सदस्यता लेकर किया नए सफर का आगाज

वरिष्ठ नेताओं से लिया आशीर्वाद

बिहार,एजेंसी। बिहार की राजनीति में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना के वीर चंद्र पटेल रोड स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और निशांत कुमार के समर्थन में नारेबाजी करते हुए उनका स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं और जनता को किया नमन

पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि वह जदयू के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि आज से वह पार्टी के सदस्य के रूप में जनता की सेवा करने का प्रयास करेंगे।

निशांत ने यह भी कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के लिए जो काम किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब नई पीढ़ी की है। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का विश्वास बनाए रखने की पूरी कोशिश करेंगे।

वरिष्ठ नेताओं से लिया आशीर्वाद

सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से आए समर्थकों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।

समर्थकों में दिखा उत्साह

जदयू कार्यालय में सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटने लगे थे। कई समर्थक घोड़ा और हाथी लेकर भी पहुंचे और पार्टी नेतृत्व के समर्थन में नारे लगाए। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल की भी तैनाती की गई।

पूरे बिहार का करेंगे दौरा

जदयू के वरिष्ठ नेता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने कहा कि निशांत कुमार के पार्टी में आने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत ने पूरे बिहार का दौरा करने का फैसला किया है और जल्द ही संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री जदयू के लिए अहम कदम साबित हो सकती है और भविष्य में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी भी दी जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button