
BJP की कमान नितिन नवीन के हाथ, पीएम मोदी–अमित शाह की मौजूदगी में संभाला राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद
जबलपुर,यशभारत। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। वरिष्ठ नेता नितिन नवीन ने निर्विरोध जीत दर्ज करते हुए बीजेपी की कमान संभाल ली है। आज सुबह दिल्ली के कई प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन करने के बाद नितिन नवीन सीधे बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया।
नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में इस मौके पर वरिष्ठ नेताओं का भव्य जमावड़ा देखने को मिला। नितिन नवीन की ताजपोशी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।

दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
समारोह में गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहले ही बीजेपी मुख्यालय पहुंच चुके थे। इनके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी सहित कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल हुए।
मंच पर साथ दिखे शीर्ष नेता
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी नितिन नवीन के साथ मंच पर पहुंचे। मंच पर पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे।







