
जबलपुर यश भारत। बरगी बांध के दस नंबर ब्लाक के तीन नंबर पाइप लाइन में लीकेज हो गया है। जिससे पानी बांध के अंदर तेजी से भर रहा है।सूचना जबलपुर से भोपाल पहुंचते ही अधिकारी एक्शन में आ गए हैं। भोपाल के आला अधिकारियों की टीम जबलपुर पहुंच गई है। बताया जाता है कि लीकेज को ठीक करने के लिए दिल्ली से विशेषज्ञों को बुलाया जा रहा है। भोपाल से आए नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हैं। अधिकारियों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। लीकेज को जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा। इस लीकेज से बांध की मजबूती पर कोई असर नहीं पड़ा है। हालांकि इस संबंध में अभी कोई अधिकृत जानकारी तो नहीं दी गई है लेकिन सूत्रों के हवाले से यह खबर सामने आई है और बांध से ही जुड़े कुछ लोगों ने दबी जबान से लीकेज की पुष्टि करते हुए कहा है कि भोपाल से आई टीम लगातार सुधार कार्य में लगी है।







