मिडिल ईस्ट में जंग का नया मोर्चा: इजराइल ने लेबनान पर बोला धावा,हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले
ईरान पर हमले जारी रखने का ऐलान

इजराइल,एजेंसी। मिडिल ईस्ट में जारी भीषण तनाव अब और गहराता जा रहा है। इजराइल ने ईरान से टकराव के बीच अब लेबनान में भी सैन्य कार्रवाई तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, इजरायली सेना ने हिज्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाते हुए उत्तरी सीमा से भारी गोलाबारी की है। इससे पहले ईरान के सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर बमबारी की गई थी। हमलों में ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व और कई अन्य लोगों के मारे जाने की खबरें सामने आई हैं। इजरायली सेना द्वारा जारी वीडियो में तेहरान के आसमान में धुएं का गुबार देखा गया।
इजरायल पर हमले के बाद बढ़ा तनाव
रविवार को इजरायल के प्रमुख शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबर सामने आई थी। तेल अवीव के पास एक मिसाइल गिरने और यरूशलम की ओर भी हमले की कोशिश की जानकारी मिली थी। शुरुआती तौर पर इसे ईरान की जवाबी कार्रवाई माना गया, लेकिन बाद में हिज्बुल्लाह ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली।
इजरायल का आरोप है कि हिज्बुल्लाह ईरान के इशारे पर काम कर रहा है और उसके नागरिक इलाकों को निशाना बना रहा है। इसके जवाब में इजरायल ने लेबनान में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
‘रोरिंग लायन’ ऑपरेशन के तहत कार्रवाई
इजरायली रक्षा बल (IDF) ने बताया कि उसने पहले से ही ऐसी स्थिति के लिए तैयारी कर रखी थी। ‘रोरिंग लायन’ नामक ऑपरेशन के तहत हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर सटीक हमले किए जा रहे हैं। उत्तरी इजरायल से लगातार जवाबी फायरिंग की जा रही है।
ईरान पर हमले जारी रखने का ऐलान
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने साफ कहा है कि जब तक अमेरिका के रणनीतिक लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते, तब तक ईरान पर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य कमान को भारी नुकसान पहुंचा है और उसके कई शीर्ष कमांडर मारे गए हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका का मकसद ईरान के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल क्षमता को खत्म करना है। साथ ही ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के बचे हुए नेतृत्व को भी निशाना बनाया जाएगा। मिडिल ईस्ट में बढ़ते इस सैन्य टकराव ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है और हालात कब काबू में आएंगे, इस पर फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है।







