एनसीपी प्रमुख शरद पवार की तबीयत बिगड़ी – पुणे के अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी

मुंबई, यश भारत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 83 वर्षीय पवार पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें पुणे लाया गया। जानकारी के अनुसार, 28 जनवरी को भतीजे अजीत पवार की प्लेन क्रैश में मृत्यु के बाद शरद पवार लगातार बारामती में ही मौजूद थे। इस दुखद घटना के बावजूद उन्होंने अंतिम संस्कार और उससे जुड़े कार्यक्रमों के बाद पारिवारिक बैठकों में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। हालांकि, बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं थी।
हेल्थ चेकअप के बाद अस्पताल में भर्ती
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार सुबह बारामती स्थित गोविंदबाग में शरद पवार की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज और निगरानी के लिए पुणे में भर्ती होने की सलाह दी। इसके बाद दोपहर में उन्हें पुणे रवाना किया गया। एहतियात के तौर पर उनके काफिले के साथ कार्डियक सुविधाओं से लैस एम्बुलेंस भी रखी गई थी।
परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि शरद पवार को लगातार खांसी और बलगम की शिकायत है, जिससे उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। यात्रा के दौरान उन्होंने सुरक्षा मास्क पहना हुआ था और मेडिकल टीम पूरी तरह अलर्ट मोड पर थी।
बजट सत्र में नहीं पहुंचे दिल्ली
अजीत पवार के निधन के बाद शरद पवार बारामती में ही रुके रहे और इसी कारण वे संसद के बजट सत्र में शामिल होने के लिए दिल्ली नहीं जा सके। इस दौरान उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले दिल्ली गई थीं। पवार ने बारामती में अजित पवार के स्मारक को लेकर विद्या प्रतिष्ठान में एक अहम बैठक भी की थी।
फिलहाल शरद पवार डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।







