निर्माण कार्य के दौरान फटी नर्मदा पाइप लाइन, तालाब बनीं सड़कें

निर्माण कार्य के दौरान फटी नर्मदा पाइप लाइन, तालाब बनीं सड़कें
भोपाल, यशभारत। राजधानी के ई-7 (11 नंबर स्टॉप) इलाके में शनिवार सुबह नर्मदा जल सप्लाई की मुख्य पाइप लाइन अचानक फट गई। पाइप लाइन फटने से पानी का प्रेशर इतना तेज था कि करीब 20 फीट ऊंचा फव्वारा उठ गया। लगभग एक घंटे तक लाखों लीटर पानी सड़कों पर बहता रहा, जिससे पूरा इलाका जलमग्न हो गया और पास के घरों व दुकानों में पानी भर गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 नंबर स्थित फ्रेक्चर अस्पताल के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस स्थान पर लाइन फटी, वहां कुछ मजदूर निर्माण कार्य कर रहे थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि खुदाई या किसी भारी मशीन के टकराने से पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। हालांकि, नगर निगम की ओर से आधिकारिक तौर पर अभी कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।
यातायात बाधित, गाड़ियां फंसीं
10 नंबर से 11 नंबर की ओर जाने वाली मुख्य सड़क ने तालाब की शक्ल ले ली। पानी के तेज बहाव के कारण दोपहिया और चार पहिया वाहन बीच रास्ते में ही फंस गए। राहगीरों को आवाजाही में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जब करीब एक घंटे बाद निगम ने पीछे से सप्लाई बंद की और प्रेशर कम हुआ, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
सप्लाई पर पड़ेगा असर
नगर निगम का अमला सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गया और सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। भारी मात्रा में पानी बह जाने और लाइन में बड़े फ्रैक्चर के कारण 10 नंबर और 11 नंबर के अधिकांश इलाकों में शनिवार और रविवार को पानी की सप्लाई प्रभावित रहने की आशंका है। रहवासियों ने निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होती तो लाखों लीटर पानी को बर्बाद होने से बचाया जा सकता था।







