भोपालमध्य प्रदेश

मुस्लिम समाज ने उठाई गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग, इतवारा में जोरदार प्रदर्शन

मुस्लिम समाज ने उठाई गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग, इतवारा में जोरदार प्रदर्शन

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पुराने शहर स्थित ऐतिहासिक इतवारा चौराहे पर मंगलवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहाँ ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के बैनर तले मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोगों ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर गौ सम्मान के नारे लगाए और देश में गाय के नाम पर होने वाले तनाव को समाप्त करने की अपील की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस्लाम में गोमांस को हराम (वर्जित) माना गया है। उन्होंने धार्मिक ग्रंथों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि हमारे मजहब में न तो गाय का वध जायज है और न ही उसका मांस खाना। हसन ने कहा, गाय का दूध और घी इंसानियत के लिए शिफा (इलाज) और पोषण का स्रोत है, इसलिए इसका संरक्षण हर नागरिक का कर्तव्य है।
विवाद और अफवाहों पर लगेगा लगाम कमेटी ने चिंता जताई कि वर्तमान में गाय को लेकर देश के कई हिस्सों में तनाव और अफवाहों का माहौल रहता है। प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि यदि केंद्र सरकार गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दे देती है, तो इसके नाम पर होने वाली राजनीति और विवाद स्वतः ही समाप्त हो जाएंगे। इससे न केवल गाय को संवैधानिक सुरक्षा मिलेगी, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा भी बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को भेजा ज्ञापन प्रदर्शन के अंत में कमेटी ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र साझा किया। इस ज्ञापन में मुख्य रूप से तीन मांगें रखी गई हैं:

गाय को अविलंब राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए।

गौ-संरक्षण के लिए कड़े राष्ट्रीय कानून बनाए जाएं।

गाय के नाम पर नफरत फैलाने वाले तत्वों पर सख्ती बरती जाए।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और उलेमा मौजूद रहे, जिन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुँचाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button