भोपाल

शिवाजी नगर परशुराम मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ संपन्न 

शिवाजी नगर परशुराम मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ संपन्न
भोपाल, यशभारत। शिवाजी नगर स्थित परशुराम मंदिर में एक शाम छींद वाले दादाजी के नाम श्रृंखला के अंतर्गत 33वां संगीतमय सुंदरकांड पाठ श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साधु-संतों और समाज के अनेक धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी और भोपाल की महापौर मालती राय भी शामिल हुए। उन्होंने सुंदरकांड पाठ में उपस्थित होकर भगवान राम के चरणों में प्रार्थना की और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। पंडित अनिल भार्गव वायु ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। भक्ति संगीत और रामनाम संकीर्तन के बीच प्रस्तुत झांकी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के अंतर्गत राम का आधार रामायण वितरण योजना के तहत 7 श्रद्धालुओं को रामचरितमानस (अर्थ सहित) और 3 श्रद्धालुओं को शिव महापुराण भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से सनातन धर्म ग्रंथों के अध्ययन और संस्कारों के प्रसार का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में 32 सनातन धर्म प्रेमियों को उनके जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर पुष्पमाला, श्रीफल और शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस श्रृंखला के अंतर्गत अगला 34वां संगीतमय सुंदरकांड पाठ 11 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले साध संतों, मातृशक्ति और समाज के सभी गणमान्य नागरिकों के प्रति आयोजकों ने आभार माना। यह आयोजन सुंदरकांड पारिवारिक मंडल भोपाल द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button