सतना यश भारत ।सतना जिले के मझगवां क्षेत्र में पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने मिलकर पहले पति को शराब पिलाई, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को जंगल में पेड़ से लटका दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजाभइया डोहर के रूप में हुई है। उसकी पत्नी रामबाई डोहर का गांव के ही बाबूलाल चौधरी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ समय पहले राजाभइया को इस संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद घर में विवाद बढ़ने लगा था।
इसी बात से परेशान होकर रामबाई और बाबूलाल ने राजाभइया को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। 2 मार्च को दोनों ने उसे शराब पिलाई और मौका पाकर गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को जंगल में ले जाकर पेड़ से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
घटना की जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर पत्नी और उसके प्रेमी से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, शराब के खाली क्वार्टर और मृतक की चप्पल भी बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Back to top button