भोपालमध्य प्रदेश

नगर निगम की लापरवाही से डूबा मोबाइल मार्केट; व्यापारियों का फूटा गुस्सा, ज्योति टॉकीज चौराहे पर लगाया चक्काजाम

नगर निगम की लापरवाही से डूबा मोबाइल मार्केट; व्यापारियों का फूटा गुस्सा, ज्योति टॉकीज चौराहे पर लगाया चक्काजाम

भोपाल, यशभारत। राजधानी के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र एमपी नगर जोन-1 स्थित ज्योति टॉकीज मोबाइल मार्केट में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर निगम की लापरवाही के कारण बेसमेंट की दुकानों में नाले का पानी घुस गया। इस घटना में मोबाइल व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान पानी में डूबकर बर्बाद हो गया। बिना किसी सूचना के नाले का काम शुरू करने से नाराज व्यापारियों ने ज्योति टॉकीज चौराहे पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

WhatsApp Image 2026 03 11 at 13.14.43

व्यापारियों का आरोप है कि नगर निगम ने नाले की सफाई या मरम्मत का काम शुरू करने से पहले मार्केट के लोगों को कोई पूर्व सूचना नहीं दी थी। अचानक पानी का बहाव मुड़ने से बेसमेंट में स्थित दर्जनों मोबाइल दुकानों में पानी भर गया। दुकानदारों के अनुसार, पानी इतनी तेजी से आया कि उन्हें अपना कीमती सामान, मोबाइल फोन और एक्सेसरीज सुरक्षित निकालने का मौका तक नहीं मिला। व्यापारियों का दावा है कि इस लापरवाही की वजह से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।

सड़क पर उतरे व्यापारी, लगा लंबा जाम
नुकसान से आक्रोशित व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और ज्योति टॉकीज चौराहे पर एकत्रित होकर धरना शुरू कर दिया। चक्काजाम की वजह से एमपी नगर और चेतक ब्रिज की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।

प्रशासनिक अमला मौके पर
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों को समझाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन व्यापारी मौके पर ही नुकसान का आकलन करने और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े हुए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button