
MP Vidhan Sabha budget Session: मध्यप्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के चौथे दिन गुरुवार को घटिया सड़क निर्माण व किसानों के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। हरदा जिले के टिमरनी से कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह कंधे पर मूंग की बोरी लेकर विधानसभा पहुंचे और उचित मूल्य की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस के अन्य विधायकों ने भी उनके सुर में सुर मिलाया।
मध्यप्रदेश विधानसभा में गुरुवार को सत्ता पक्ष की ओर से मदरसे का मुद्दा उठाया गया। सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने नागपुर हाइवे की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने इस पर जवाब दिया।
- नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बोले-
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने कहा, सरकार ने बजट में लाडली बहनों की राशि नहीं बढ़ाई। जबकि, उन्हीं के दम पर भाजपा की सरकार बनी है। चुनावी घोषणा पत्र में धान-गेहूं को 2700 और 3100 रुपए समर्थन मूल्य का वादा किया था, लेकिन अब किसानों से छलावा किया जा रहा है। - मंत्री विश्वास सारंग ने सदन में गलत जानकारी देकर प्रदेश की जनता को गुमराह किया है। नर्सिंग घोटाले पर कांग्रेस चर्चा करना चाहती है, लेकिन सरकार बच रही है। नर्सिंग घोटाले को लेकर ठोस जवाब नहीं आया। ऐसा लगता है कि मंत्री विश्वास सारंग सीएम मोहन यादव पर भारी पड़ रहे हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को पुन: सदन में उठाएगी।
- कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा, विश्वास सारंग के कार्यकाल में फर्जी कॉलेजों को मान्यता दी गई थी, लेकिन सरकार के द्वारा सदन को भ्रमित किया गया है। हम फिर यह मुद़्दा उठाएंगे।
- मंत्री धर्मेंद लोधी बोले- गिरेबान में झांककर देखे कांग्रेस
मंत्री धर्मेंद लोधी ने कांग्रेस की हालत सांप-छादुंदर वाली बताई है। कहा, घोटाले पर बात करने से पहले कांग्रेस अपने गिरेबान में झांके। कांग्रेस सरकार में देश में जीजा जी जैसा घोटाला हुआ है। यह मोहन यादव की सरकार है। भगवान कृष्ण से जुड़े सभी स्थान जल्द से जल्द विकसित किए जाएंगे। - मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा, बजट में मध्यप्रदेश के हर हिस्से को ध्यान रखा गया है। सर्वहारा वर्ग के कल्याण को देखते हुए बजट बनाया गया है।