विधायक आतिफ अकील ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, पुराने शहर में मेट्रो को अंडरग्राउंड करने की मांग

विधायक आतिफ अकील ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, पुराने शहर में मेट्रो को अंडरग्राउंड करने की मांग
भोपाल, यशभारत। भोपाल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक आतिफ आरिफ अकील ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री, लोक निर्माण विभाग मंत्री, मुख्य सचिव और क्षेत्रीय सांसद आलोक शर्मा को पत्र लिखकर पुराने शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने और निर्माणाधीन मेट्रो प्रोजेक्ट में आवश्यक बदलाव करने का पुरजोर अनुरोध किया है।
100 साल आगे की प्लानिंग की जरूरत
विधायक आतिफ अकील ने अपने पत्र में तर्क दिया कि मेट्रो जैसी परियोजनाएं आगामी 100 वर्षों के भविष्य को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं। वर्तमान में सिंधी कॉलोनी चौराहे से डीआईजी बंगला चौराहे तक की यातायात स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। यदि अभी दूरदर्शिता नहीं दिखाई गई, तो भविष्य में यह समस्या लाइलाज हो जाएगी।
विकल्प पत्र के माध्यम से विधायक ने जनहित में मांग की है कि बड़ा बाग कब्रिस्तान की संवेदनशीलता को देखते हुए वहां से मेट्रो लाइन को शिफ्ट किया जाए। सिंधी कॉलोनी से डीआईजी बंगला के बीच ‘डबल डेकर’ या एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाए, जिससे एक ही पिलर पर मेट्रो और सड़क यातायात दोनों सुचारू रूप से चल सकें। उन्होंने एक अन्य विकल्प के रूप में इस पूरे स्ट्रेच को अंडरग्राउंड करने का सुझाव भी दिया है, ताकि जमीनी स्तर पर सड़क की चौड़ाई प्रभावित न हो और जाम से मुक्ति मिले।
विधायक ने पत्र में स्पष्ट किया कि यदि शासन इन सुझावों पर अमल करता है, तो पुराने भोपाल के निवासियों को आने वाले दशकों तक जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेने और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।






