जबलपुरमध्य प्रदेश

न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़त, लेकिन ठंड का एहसास ज्यादा

आने वाले दिनों में देखने मिलेगा बर्फबारी का असर

जबलपुर/यश भारत। शहर में मौसम के तेवर बदले हुए हैं और तापमान में लगातार उतार–चढ़ाव का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़त दर्ज की गई है, लेकिन इसके विपरीत लोगों को ठंड का एहसास और अधिक हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर से आ रही ठंडी हवाएँ और रात के समय आसमान साफ रहने के कारण जमीन की सतह तेजी से ठंडी हो रही है, जिससे न्यूनतम तापमान में बढ़त के बावजूद शीतलहर जैसा अहसास बना हुआ है।

शहर का अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है, जिसके चलते दिन के समय भी हल्की सर्द हवा सक्रिय बनी हुई है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चलने के कारण सुबह और देर शाम के वक्त ठंडक का प्रभाव ज्यादा महसूस किया जा रहा है। हवा में बढ़ी नमी भी ठंड के अहसास को और तीखा कर रही है।

मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में भी देखने मिलेगा। ठंडी हवा के झोंके मध्यप्रदेश के कई जिलों में तापमान को नीचे की ओर धकेल सकते हैं। जबलपुर में भी अगले एक–दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि यदि रात का आसमान साफ रहता है तो न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव है, जिससे जनजीवन पर ठंड का प्रभाव और अधिक बढ़ सकता है।

इधर, सुबह–शाम लोग गर्म कपड़ों का उपयोग बढ़ा चुके हैं। बाजारों में भी स्वेटर, जैकेट, मफलर और ऊनी कपड़ों की मांग में इजाफा देखने को मिल रहा है। ठंड बढ़ने से सुबह की सैर पर निकलने वालों की संख्या भी कम दिखाई दी। वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और रोग प्रतिरोधक क्षमता कम वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

कुल मिलाकर तापमान में मामूली बढ़त के बावजूद मौसम की सिहरन बरकरार है और शहर में ठंड का असर लगातार गहराता जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button