भोपालमध्य प्रदेश

एमसीयू के होनहार छात्र दिव्यांश चौकसे की  मौत, तीसरी मंजिल से गिरकर हुआ था हादसा

एमसीयू के होनहार छात्र दिव्यांश चौकसे की  मौत, तीसरी मंजिल से गिरकर हुआ था हादसा
​भोपाल, यशभारत। राजधानी  के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) में  जनसंचार विभाग के छात्र दिव्यांश चौकसे (22 वर्ष) की इलाज के दौरान शुक्रवार रात मौत हो गई। दिव्यांश गुरुवार सुबह यूनिवर्सिटी की तीसरी मंजिल से फिसलकर गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
​मास्टर इन मास कम्युनिकेशन (एमएमसी) के पहले सेमेस्टर के छात्र दिव्यांश चौकसे रायसेन जिले के रहने वाले थे। यह हादसा गुरुवार, 30 अक्टूबर को सुबह करीब 11:30 बजे जनसंचार विभाग की तीसरी मंजिल पर हुआ। क्लास के ब्रेक के दौरान जब दिव्यांश बालकनी की ओर गए, तो अचानक उनके पैर फिसल गए और वह नीचे गिर पड़े।
​हादसे के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल दिव्यांश को तत्काल गीतांजलि अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें सेज अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटों के कारण, दिव्यांश ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे अंतिम सांस ली।
​ सोशल मीडिया पर थे सक्रिय
​दिव्यांश चौकसे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय थे। वह ‘NCERT ज्ञान’ नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट चलाते थे, जिस पर वह शैक्षिक कंटेंट साझा करते थे। उनके इस अकाउंट पर 5 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे, जो उनकी सक्रियता और लोकप्रियता को दर्शाते हैं।
​रातीबाड़ी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे पैर फिसलने के कारण हुई दुर्घटना माना है, लेकिन किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने दिव्यांश के साथी छात्रों और स्टाफ के बयान दर्ज किए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button